छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में दशहरे के दिन रामलीला मंचन के दौरान आग लगने से तीन कलाकार झुलस गए। यह हादसा नगरी ब्लॉक के छिपली गांव में मंगलवार को हुआ। रावण दहन से पहले परंपरा के अनुसार रामलीला का मंचन किया जा रहा था। इसी दौरान मंच पर अचानक आग भड़क उठी और वहां मौजूद कलाकार इसकी चपेट में आ गए। बताया जा रहा है कि मंच पर स्प्रे का इस्तेमाल किए जाने के दौरान आग लगी। हादसे में हनुमान की भूमिका निभा रहे तोषण साहू, अंगद का किरदार निभा रहे हेमंत ध्रुव और वानर सेना का पात्र निभा रहे दीपांशु सोम झुलस गए। घटना के बाद मंच पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने तत्काल आग बुझाने की कोशिश की। इसके बाद तीनों घायलों को नगरी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हेमंत ध्रुव और दीपांशु सोम को बेहतर इलाज के लिए धमतरी जिला अस्पताल रेफर किया गया। दोनों कलाकारों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। वहीं, तीसरे घायल तोषण साहू का इलाज नगरी में ही किया जा रहा है। धार्मिक कार्यक्रम के दौरान अचानक हुई इस घटना से आयोजन स्थल पर हड़कंप मच गया। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
Source: Source