छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर लोकतंत्र कुचलने का आरोप लगाया है। गुरुवार को पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि साय सरकार ढाई साल में ही क्रूर और अत्याचारी बन चुकी है। प्रदेश में विकास कार्य और जनकल्याण योजनाएं ठप पड़ी हैं। कानून-व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ गई है, लोग असुरक्षित हैं। बैज ने आरोप लगाया कि नगरीय निकाय और पंचायत उपचुनाव में सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग हो रहा है। सूरजपुर के शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव में कांग्रेस नेता नरेंद्र जैन पर आर्म्स एक्ट का झूठा मामला दर्ज किया गया। इसके विरोध में बैज ने धरना दिया और फिर आमरण अनशन शुरू कर दिया। उन्होंने दावा किया कि 30 घंटे बाद सरकार और प्रशासन को झुकना पड़ा और कांग्रेस की मांगें मानी गईं। इस आंदोलन में पूर्व सीएम भूपेश बघेल और पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव भी शामिल हुए। बैज ने कहा कि भाजपा चुनाव हारने से डर रही है, इसलिए सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि जहां भी लोकतंत्र का दमन होगा, कांग्रेस उसका डटकर मुकाबला करेगी। प्रदेश में रायपुर, बिलासपुर, जशपुर, कवर्धा में गोलीबारी, हत्या और चाकूबाजी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। राजधानी रायपुर में गैंगवार, बमबाजी और खुलेआम अपराध हो रहे हैं। सरकार अपराध रोकने के बजाय विपक्ष को दबाने में लगी हुई है। पत्रकार वार्ता में कई कांग्रेस पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
Source: Source