लुधियाना के सग्गू चौक से आरती चौक मार्ग पर वीरवार सुबह सड़क का बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया। सुबह करीब 8 बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली के गुजरने के बाद सड़क की ऊपरी परत भरभरा कर गिर गई। गनीमत रही कि इस दौरान कोई तेज रफ्तार वाहन इसकी चपेट में नहीं आया। जांच में सड़क के नीचे से गुजर रही रोड गली यानी ड्रेनेज पाइपलाइन में लीकेज सामने आया। लंबे समय से पानी रिसने के कारण जमीन के नीचे की मिट्टी खोखली हो गई थी। वाहनों के दबाव के बाद सड़क का कमजोर हिस्सा धंस गया। स्थानीय लोगों के अनुसार इस क्षेत्र में सड़क धंसने की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। सूचना मिलने पर पार्षद प्रतिनिधि इंदरजीत इंदी और नगर निगम की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची। क्षेत्रवासियों ने केवल लुक-बजरी डालकर सड़क की मरम्मत करने के बजाय पाइपलाइनों की जांच की मांग की। लोगों ने संवेदनशील स्थानों की आधुनिक सेंसर और तकनीक से जांच कराने की भी मांग रखी। निवासियों का कहना है कि भूमिगत पाइपलाइन में महीनों तक रिसाव होने से ऊपर से ठीक दिख रही सड़क के नीचे मिट्टी कमजोर हो सकती है। उन्होंने किचलू नगर स्वीट्स और सग्गू चौक के पास पहले हुई घटनाओं का भी हवाला दिया। नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार रोड गली पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से पानी का रिसाव हुआ था, जिससे मिट्टी खिसकी। अधिकारियों ने बताया कि मुख्य कारण का पता लगाकर क्षतिग्रस्त पाइपलाइन और सड़क के हिस्से की मरम्मत पूरी कर दी गई है।
Source: Source