लुधियाना के गांव रजूल के पास वीरवार सुबह सड़क हादसे में 65 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव रजूल निवासी जगतार सिंह के रूप में हुई है। हादसा सुबह करीब 6:30 बजे माछीवाड़ा लिंक रोड पर हुआ। जगतार सिंह स्कूटर से गांव से माछीवाड़ा रोड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तूड़ी से भरे ट्रक ने उनके स्कूटर को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर गए। इसके बाद ट्रक का टायर उनके सिर के ऊपर से गुजर गया। गंभीर हादसे में जगतार सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर थाना कुमकलां के एएसआई बलजिंदर सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने ट्रक चालक पाल सिंह निवासी जगराओं को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए लुधियाना के सिविल अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
Source: Source