सोनीपत में 2 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के बाद बदमाशों ने खरखौदा स्थित एक कार्यालय पर फायरिंग की। रात करीब सवा 9 बजे दीपक के मोबाइल पर रंगदारी मांगने के लिए फोन आया था। कॉल करने वाले ने 2 करोड़ रुपये देने की मांग करते हुए रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। धमकी के करीब आधे घंटे बाद बिना नंबर प्लेट की काले रंग की बाइक से आए दो युवकों ने कार्यालय पर गोलियां चला दीं। फायरिंग में कार्यालय के गेट और दीवार पर गोलियों के निशान मिले तथा मौके से एक खाली खोल बरामद हुआ। सूचना मिलने के बाद पुलिस और FSL टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट ने संदिग्ध बाइक सवारों का पीछा शुरू किया। हरसाना गांव की सीमा में NH-334B पर पुलिस ने दोनों युवकों को घेरने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, घेराबंदी के दौरान युवकों ने टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी। घायल आरोपियों की पहचान भटाना निवासी, हाल सोनीपत निवासी अंकित और लहराड़ा निवासी हर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उपचार के लिए CHC खरखौदा में भर्ती कराया। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने तीन देशी पिस्टल और वारदात में इस्तेमाल बताई जा रही बाइक बरामद की है। पुलिस अब नंदू गैंग के नाम के इस्तेमाल, आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका की जांच कर रही है। CCTV फुटेज, बरामद साक्ष्यों और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर रंगदारी से लेकर मुठभेड़ तक पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।
Source: Source