बिलासपुर जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र में शिवनाथ नदी में मछली पकड़ने गया युवक तेज बहाव में बह गया। लापता युवक की पहचान जोंधरा निवासी सुखदेव केवट के रूप में हुई है। 23 जुलाई को वह नदी में मछली पकड़ने गया था, जहां तेज बहाव के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया। घटना के बाद बिलासपुर, जांजगीर-चांपा और बलौदाबाजार जिले की पुलिस ने तलाश अभियान शुरू किया। एसडीआरएफ की टीमों ने भी कई दिनों तक नदी में खोजबीन की, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल सका। नौ दिन बीतने के बाद भी परिवार को युवक की जानकारी नहीं मिली है। परिजनों ने प्रशासन से आधुनिक उपकरणों से लैस विशेष गोताखोर टीम भेजने की मांग की है। उनका कहना है कि नदी की गहराई और तेज बहाव के कारण सामान्य तलाश अभियान पर्याप्त नहीं है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लौटते समय युवक तेज धारा में बह गया था। परिवार ने प्रशासन से जल्द और प्रभावी खोज अभियान चलाने की अपील की है।
Source: Source