बिलासपुर में स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा बैठक में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने गर्भवती महिलाओं के कम पंजीयन और कुष्ठ उन्मूलन अभियान की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। कलेक्टर ने फील्ड स्तर पर निगरानी बढ़ाने और स्वास्थ्य योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू करने के निर्देश दिए। प्रत्येक गांव में सरपंच, पंच, शिक्षक, मितानिन और जागरूक नागरिकों को शामिल कर 10 सदस्यीय हेल्थ अलर्ट ग्रुप बनाने को कहा गया। इन समूहों के माध्यम से बीमारियों की सूचना तुरंत स्वास्थ्य विभाग तक पहुंचाई जाएगी। बरसात के मौसम में मलेरिया और संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए विशेष तैयारी करने के निर्देश दिए गए। मलेरिया प्रभावित क्षेत्रों में रैपिड टेस्ट, मोबाइल मेडिकल यूनिट और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। टीबी उन्मूलन के लिए ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त बनाने और निक्षय मित्र बढ़ाने पर जोर दिया गया। कलेक्टर ने जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। देर से पहुंचने वाले डॉक्टरों को फटकार लगाते हुए समय पर सेवा देने की हिदायत दी। उन्होंने मरीजों को बेहतर उपचार और सम्मानजनक व्यवहार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
Source: Source