हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रामपुर स्थित कोटी गांव में एक हिंसक जंगली भालू ने तबाही मचा दी। भालू ने बीती रात पशुशाला में घुसकर पशुपालक राम दास नेगी की करीब 70 भेड़ों को मौके पर ही मार डाला। दर्जनों अन्य भेड़ें गंभीर रूप से घायल हो गईं। पशुपालक के पास करीब 150 भेड़ों का झुंड था और अब उसे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। रात में भेड़ों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण दौड़े, लेकिन तब तक भालू जंगल भाग चुका था। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है और पीड़ित को मुआवजा देने का आश्वासन दिया है। भालू को पकड़ने के लिए कैमरा ट्रैप और पिंजरे लगाए जा रहे हैं। वन विभाग ने ग्रामीणों से अकेले जंगल न जाने और सुरक्षित रहने की अपील की है। ग्रामीणों ने तुरंत फौरी राहत राशि देने की मांग की है।
Source: Source