पस्ता पुलिस ने एक सरकारी स्कूल के शिक्षक को धमकाने, पैसों की मांग करने और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में यूट्यूबर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान यूट्यूबर दीपक यादव, श्रवण यादव और सूर्या यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला शासकीय प्राथमिक शाला पुटसु से जुड़ा है, जहां प्रभारी प्रधान पाठक रुकमण बारीक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, दीपक यादव और उसके सहयोगियों ने एक फाउंडेशन के नाम पर शिक्षक से 10 हजार रुपये की मांग की थी। आरोप है कि रकम नहीं देने पर आरोपियों ने शिक्षक पर दबाव बनाने की कोशिश की। 25 अगस्त को श्रवण यादव और सूर्या यादव स्कूल पहुंचे और बिना अनुमति वीडियो रिकॉर्ड किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षक के साथ कथित तौर पर अभद्रता की और उन्हें नौकरी से हटवाने की धमकी दी। बाद में दीपक यादव ने उस वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इससे शिक्षक और स्कूल की छवि को नुकसान पहुंचा। शिक्षक की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 221, 351(2), 308(2), 356(3) और 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया। मामले में आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है।
Source: Source