छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के लोरमी वन क्षेत्र में एक नर तेंदुए का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है, जिससे वन विभाग में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रारंभिक जांच में तेंदुए के गले और सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे शिकार या आपसी संघर्ष दोनों की आशंका जताई जा रही है। यह घटना चंदूपारा जंगल के कक्ष क्रमांक 1529 की बताई जा रही है, जो अचानकमार टाइगर रिजर्व के बफर जोन के करीब स्थित है। स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में दो तेंदुओं के बीच संघर्ष जैसी आवाजें भी सुनी गई थीं। वन विभाग का अनुमान है कि तेंदुआ भोजन या पानी की तलाश में जंगल से बाहर आया होगा। पोस्टमार्टम विशेषज्ञों की टीम द्वारा किया जाएगा और रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल वन विभाग ने मामले की जांच और निगरानी तेज कर दी है।
Source: Source