पंजाब के लुधियाना में बदमाशों ने सरेआम गोलीबारी करके सनसनी फैला दी। सीसीटीवी में दो युवक एक युवक को निशाना बनाकर पिस्तौल तानते हुए दिख रहे हैं। हमलावरों ने एक गोली चलाई, जबकि दूसरी मिसफायर हो गई। गोली की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों की भीड़ इकट्ठा होने लगी। भीड़ को देख हमलावर घबरा गए और अपनी मोटरसाइकिल वहीं छोड़कर पैदल फरार हो गए। पुलिस ने बाइक को कब्जे में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में यह सरकारी नंबर वाली बाइक पाई गई है। पुलिस अब चेसिस और इंजन नंबर से आरोपियों का पता लगा रही है। घटना में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। फरार बदमाशों की तलाश जारी है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source: Source