लुधियाना के पॉश इलाके राजगुरु नगर में एक बंद घर को चोरों ने निशाना बनाया है। DCM YES स्कूल के वाइस प्रिंसिपल शरद अग्रवाल के घर हुई इस चोरी में चोरों ने सोने, चांदी और डायमंड के कीमती आभूषण पार कर दिए। पीड़ित परिवार गर्मियों की छुट्टियों के कारण अपने होम टाउन आगरा गया हुआ था, और 14 जून को लौटने पर उन्हें घटना की जानकारी हुई। चोरों ने खिड़की तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारी के ताले तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। सूचना मिलते ही सराभा नगर पुलिस ने मौके पर पहुँचकर जांच शुरू की है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ BNS की धारा 305 और 331(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। एएसआई उमेश कुमार इस मामले की तफ्तीश कर रहे हैं। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया है।
Source: Source