लुधियाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। थाना डिवीजन नंबर-4 की पुलिस ने आरोपी को दो पेटी नाजायज शराब सहित काबू किया। गिरफ्तार युवक की पहचान सिकंदर चावला के रूप में हुई है, जो बेलीराम चौक स्थित छावनी मोहल्ला का रहने वाला है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी इलाके में अवैध शराब सप्लाई करने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने किला मोहल्ला क्षेत्र में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान आरोपी को मौके से पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 24 बोतल अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने बरामद शराब को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जांच अधिकारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस अब शराब के स्रोत की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी किन इलाकों में शराब की सप्लाई करता था। फिलहाल आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे और खुलासे हो सकते हैं। अवैध शराब तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।
Source: Source