लुधियाना के साहनेवाल इलाके में केमिकल की कैनी में हुए धमाके से एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे में घायल सुमित सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई। सुमित कार के डैशबोर्ड पॉलिश के लिए इस्तेमाल होने वाला केमिकल बनाने का काम करता था। वह अभी अविवाहित था। हादसा 28 अगस्त की सुबह करीब 7:30 बजे हुआ। पुलिस के अनुसार सुमित अपने कमरे में पहुंचा तो वहां पहले से आग सुलग रही थी। कमरे में रखी केमिकल की कैनी ने आग पकड़ ली और अचानक जोरदार धमाका हो गया। कमरे के भीतर मौजूद सुमित आग की चपेट में आ गया। धमाके और उसकी चीख सुनकर पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुंचे। पड़ोसियों ने आग पर काबू पाकर उसे गंभीर हालत में CMC अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक उसका शरीर 90 प्रतिशत से अधिक झुलस गया था। इलाज के दौरान उसकी हालत गंभीर बनी रही और आखिरकार उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Source: Source