लुधियाना के गिल चौक के पास मुरादपुरा इलाके में चोरी की वारदात सामने आई है। ऑक्सफोर्ड इंटरनेशनल नट एंड बोल्ट फैक्ट्री को देर रात 3 से 4 चोरों ने निशाना बनाया। आरोपी रात करीब 12:30 बजे के बाद फैक्ट्री में दाखिल हुए। उन्होंने ऑफिस का गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया। चोरों ने करीब आधे घंटे तक ऑफिस में तलाशी ली। इस दौरान 1 लाख 98 हजार रुपए की नकदी चोरी कर ली गई। आरोपियों ने चांदी की गणेश प्रतिमा, दो मोबाइल फोन और जरूरी कागजात भी चुरा लिए। पूरी वारदात फैक्ट्री में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में आरोपी वारदात से पहले आसपास की गलियों में घूमते नजर आए। सुबह सफाई कर्मचारी ने फैक्ट्री मालिक दीपक भल्ला को ऑफिस का गेट टूटे होने की जानकारी दी। मौके पर पहुंचने के बाद मालिक ने सामान बिखरा और दराजें खुली हुई पाईं। चोरी की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई। ASI धर्मेंद्र ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।
Source: Source