रेवाड़ी के हंस नगर में हुए रहस्यमय धमाके में झुलसी पूर्व सैनिक की बेटी तन्नु का निधन हो गया है। गुरुवार शाम दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में चार दिन तक संघर्ष करने के बाद तन्नु ने अंतिम सांस ली। तन्नु की शादी 25 नवंबर को तय थी और घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन एक हादसे ने सब कुछ तबाह कर दिया। जिस बेटी को पिता विदा करने की तैयारी कर रहे थे, अब उसका अंतिम संस्कार पैतृक गांव टांकड़ी में किया जाएगा। रविवार को प्रेस करते समय हुए इस धमाके में तन्नु के साथ उसके माता-पिता और एक पड़ोसी सहित 5 लोग गंभीर रूप से झुलस गए थे। धमाका इतना भीषण था कि घर की दीवारें और खिड़कियां तक क्षतिग्रस्त हो गईं। हैरानी की बात यह है कि घर में रखे गैस सिलेंडर और अन्य उपकरण सुरक्षित मिले, जिससे धमाके के असली कारण अभी भी पहेली बने हुए हैं। पुलिस और प्रशासन इस मामले की गहन जांच में जुटे हैं। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और उनके घर में अब केवल सन्नाटा और मातम पसरा है।
Source: Source