हरियाणा विधानसभा की शिक्षा, मेडिकल और तकनीकी शिक्षा समिति ने रेवाड़ी के नागरिक अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। समिति के चेयरमैन और विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने अल्ट्रासाउंड के लिए मरीजों को 6 महीने की लंबी वेटिंग दिए जाने पर सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि इतने लंबे समय तक इंतजार करना किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है और इस प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश दिए। विधायक ने चेतावनी दी कि वह इस मुद्दे को चंडीगढ़ में भी प्रमुखता से उठाएंगे। समिति ने अस्पताल की ओपीडी, लैब, ऑपरेशन थियेटर और सफाई व्यवस्था का भी बारीकी से जायजा लिया। हालांकि समिति ने अधिकांश व्यवस्थाओं पर संतोष जताया, लेकिन कुछ कमियों को लेकर सुधार के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान मरीजों ने अस्पताल स्टाफ पर मनमानी के आरोप लगाए, जिस पर कड़ी कार्रवाई की बात कही गई है। नई बिल्डिंग बनने के बाद सभी स्वास्थ्य सेवाओं को एक छत के नीचे लाने की योजना पर भी चर्चा हुई। अस्पताल प्रशासन को भविष्य में बेहतर और त्वरित सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए पाबंद किया गया है।
Source: Source