लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज छत्तीसगढ़ के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। वे रायपुर जिले के अभनपुर में आयोजित कांग्रेस के 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर में शामिल होकर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों के साथ सीधा संवाद कर आगामी चुनावी रणनीति और बूथ प्रबंधन पर मार्गदर्शन देंगे। राहुल गांधी के दौरे को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक जुबानी जंग तेज हो गई है। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने तंज कसते हुए राहुल गांधी पर निशाना साधा, जिसके जवाब में कांग्रेस नेताओं ने उन्हें मानसिक रोगी करार दिया है। कांग्रेस का यह शिविर ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत आयोजित किया गया है, जिसमें नेताओं को जमीनी स्तर पर जनता से जुड़ने की ट्रेनिंग दी जा रही है। शिविर में योग, मार्शल आर्ट्स और व्यक्तित्व विकास जैसे सत्र भी शामिल हैं। सचिन पायलट सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी शिविर में कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित कर रहे हैं। कांग्रेस इस कवायद को संगठन को मजबूती देने के बड़े प्रयास के रूप में देख रही है।
Source: Source