रायपुर की पार्थिवी पेसिफिक पॉश कॉलोनी में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात हुई है। अज्ञात चोरों ने सूने मकान का ताला तोड़कर करीब 5.55 लाख रुपए के जेवर और नकदी चुरा ली। पीड़ित स्वप्नेश्वर हरिचंदन सिलतरा में मैनेजर हैं। उनकी पत्नी और बच्चे गर्मी की छुट्टियों में ओडिशा गांव गए हुए थे। स्वप्नेश्वर सुबह ताला लगाकर ड्यूटी पर गए थे, दोपहर तीन बजे लौटे तो दरवाजा टूटा मिला। चोरों ने गोदरेज अलमारी और लॉकर भी तोड़ डाले थे। पीड़ित के अनुसार, सोने की अंगूठियां, मंगलसूत्र, छह जोड़ी बालियां, बच्चे का कड़ा, चांदी की पायल और सिक्के समेत कई सामान गायब है। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच चल रही है। इस वारदात से पूरी कॉलोनी में दहशत फैल गई है। लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग की है।
Source: Source