रायपुर पुलिस ने अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए ‘ऑपरेशन कालचक्र’ चलाया। नॉर्थ जोन पुलिस ने 18 से 23 मई तक औचक रेड कार्रवाई की। इस दौरान चाकूबाजों, गुंडा बदमाशों, निगरानी बदमाशों और संदिग्धों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य अपराधियों में मनोवैज्ञानिक दबाव बनाना और अपराधों पर नियंत्रण करना था। कार्रवाई के दौरान कई अपराधियों को पकड़ा। एनडीपीएस एक्ट के तहत 1 आरोपी, आर्म्स एक्ट में 6 आरोपी और आबकारी एक्ट के तहत 71 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किए गए। इसके अलावा प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत 81 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने सार्वजनिक जगहों पर शराब पीने और शराब उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।
Source: Source