लखनऊ की घटना के बाद रायपुर प्रशासन कोचिंग सेंटरों की सुरक्षा को लेकर सख्त हो गया है। निगम, अग्निशमन और शिक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने अब तक शहर के करीब 40 कोचिंग सेंटरों का निरीक्षण किया है, लेकिन एक भी संस्थान सुरक्षा मानकों पर खरा नहीं उतरा। जांच में सबसे चिंताजनक बात यह सामने आई है कि कई कोचिंग सेंटरों में फायर सेफ्टी एनओसी का अभाव है, आपातकालीन निकास द्वार गायब हैं और अग्निशमन उपकरण तक मौजूद नहीं हैं। अकादजा, आरसीसी अकादमी, आभा लाइब्रेरी और टुटेजा अकादमी जैसे संस्थानों में गंभीर कमियां पाई गई हैं। जोनवार चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत जोन-7 के 19 में से 10 संस्थानों में आपातकालीन निकासी द्वार ही नहीं मिले। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई के बजाय इन संस्थानों को नोटिस जारी कर 7 दिनों के भीतर सभी सुरक्षा खामियों को दुरुस्त करने की कड़ी हिदायत दी है।
Source: Source