नवा रायपुर के प्रस्तावित टेक्सटाइल पार्क में गुरुवार को पहली गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का भूमिपूजन किया गया। वाणिज्य-उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन और आवास व पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने तमिलनाडु की स्विफ्ट टेक्सटाइल्स प्राइवेट लिमिटेड की 235 करोड़ रुपये की इस परियोजना की आधारशिला रखी। इस यूनिट के शुरू होने से 4650 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। कंपनी यहां किड्स वियर और निट गारमेंट्स का उत्पादन कर उन्हें यूरोप और अमेरिका के बाजारों में निर्यात करेगी। 81 एकड़ में फैले इस आधुनिक टेक्सटाइल पार्क में स्विफ्ट टेक्सटाइल्स के अलावा पुनीत क्रिएशन्स और दृष्टि डिजाइन्स को भी जमीन आवंटित की गई है, जिससे कुल 11 हजार से अधिक रोजगार सृजित होने का लक्ष्य है। छत्तीसगढ़ औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के तहत, सरकार श्रम-प्रधान उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए महिला कर्मचारियों को 6 हजार रुपये और पुरुष कर्मचारियों को 5 हजार रुपये प्रति माह की दर से 5 साल तक रोजगार सहायता प्रदान करेगी। सरकार राज्य को देश का नया टेक्सटाइल हब बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
Source: Source