रायपुर के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात चाकू मारकर एक युवक की हत्या के बाद तनाव फैल गया। मृतक की पहचान सतनामी मोहल्ला निवासी तोषक भारती के रूप में हुई है। आपसी विवाद के बाद हुई इस घटना में घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आक्रोशित हो गए। गुस्साई भीड़ ने आरोपी के घर में तोड़फोड़ की और बाहर खड़ी गाड़ी में आग लगा दी। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की जांच आपसी रंजिश और विवाद के आधार पर की जा रही है। इलाके में लगातार हो रही हत्याओं से तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है। इससे पहले भी इसी क्षेत्र में एक अन्य हत्या के मामले का खुलासा हुआ था, जिससे स्थानीय लोगों में कानून व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।
Source: Source