रायपुर के इंद्रप्रस्थ फेस-02 स्थित एलआईजी सी-ब्लॉक में युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक का शव बिल्डिंग की 9वीं मंजिल की छत पर फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही कॉलोनी के लोग मौके पर जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। डीडी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। फिलहाल मृत युवक की पहचान नहीं हो पाई है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का माना जा रहा है। हालांकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों ने बिल्डिंग और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक छत तक कैसे पहुंचा। स्थानीय लोगों के मुताबिक रात में किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी नहीं मिली थी। सुबह शव मिलने के बाद पूरे परिसर में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
Source: Source