करनाल में शनिवार को रोड़ महासभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज के प्रधान बलकार सिंह ने हर्ष एनकाउंटर मामले की जांच की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि समाज की दो मांगें सरकार पहले ही मान चुकी है। विधायक जगमोहन आनंद से माफी की मांग पूरी हो चुकी है। अधिकारियों के तबादले की दूसरी मांग भी पूरी होने की बात कही गई। अब समाज हर्ष एनकाउंटर की जांच CBI या किसी पदासीन न्यायाधीश से कराने की मांग कर रहा है। इस मांग को पूरा करने के लिए सरकार को एक सप्ताह का समय दिया गया है। बलकार सिंह ने चेतावनी दी कि समय सीमा में मांग नहीं मानी गई तो समाज अगला कदम उठाएगा। रोड़ समाज के खिलाफ दर्ज FIR को लेकर भी महासभा ने नाराजगी जताई। बलकार सिंह ने FIR को कथित षड्यंत्र का हिस्सा बताते हुए सरकार से मामले का संज्ञान लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि कार्रवाई से समाज में रोष बढ़ सकता है और इसका राजनीतिक नुकसान सरकार को उठाना पड़ सकता है। उन्होंने बताया कि FIR में फिलहाल किसी व्यक्ति का नाम दर्ज नहीं है। सोशल मीडिया पर अपने खिलाफ पोस्ट को लेकर उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत मतभेदों के कारण कुछ लोग असंतुष्ट हो सकते हैं, लेकिन इससे पूरे समाज का नुकसान होता है।
Source: Source