हिसार में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच कचरा कलेक्शन करने वाली गाड़ियों पर हमले का मामला सामने आया है। डोर-टू-डोर कचरा उठाने वाले ड्राइवर के साथ मारपीट की गई और कई गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए गए। कुछ गाड़ियों के टायरों में नुकीली वस्तु घोंपकर उन्हें पंचर करने की भी शिकायत है। मलिक चौक के पास हुई घटना का CCTV फुटेज सामने आया है। फुटेज में कई लोगों को कचरा उठाने वाली गाड़ी को घेरते देखा जा सकता है। आरोप है कि नगर निगम प्रधान सुरेंद्र ने ड्राइवर को धमकाया। पीड़ित ड्राइवर के अनुसार करीब 20 से 25 लोग 15 बाइकों पर वहां पहुंचे थे। आरोपियों ने गाली-गलौज के बाद गाड़ी का शीशा तोड़कर ड्राइवर के साथ मारपीट की। पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसके कपड़े फाड़े गए और काम छोड़ने की धमकी दी गई। शिकायत के मुताबिक, हमलावर गाड़ी की चाबी और दस्तावेज भी ले गए। घटना के बाद पीड़ित ने सिविल अस्पताल में मेडिकल-लीगल रिपोर्ट दर्ज कराई और पुलिस को बयान दिए। नगर निगम अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद गाड़ी को क्रेन से थाने ले जाया गया। ऋषि नगर और सेक्टर 13 में भी कचरा कलेक्शन वाहनों को नुकसान पहुंचने की तस्वीरें सामने आई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और निगम की टीम नुकसान का आकलन कर रही है।
Source: Source