रायगढ़ जिले में रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष जांच अभियान शुरू किया है। ‘बने खाबो-बने रहिबो 2.0’ अभियान 17 से 23 अगस्त तक चलेगा। अभियान के तहत डेयरी, मिठाई दुकानों, होटल और रेस्टोरेंट समेत अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की जाएगी। अधिकारियों का मुख्य उद्देश्य खाद्य पदार्थों में मिलावट और असुरक्षित उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाना है। पहले दिन मिठाई के थोक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों की जांच की जाएगी। बिल-इनवॉइस, सप्लायर का विवरण और बिना लेबल रखी मिठाइयों की भी जांच होगी। संदिग्ध मिल्क स्वीट्स और अन्य खाद्य उत्पादों के नमूने भी जांचे जा सकते हैं। दूसरे दिन अस्थायी और मौसमी मिठाई निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया जाएगा। इस दौरान साफ-सफाई, लाइसेंस, पंजीयन और खाद्य पदार्थों की लेबलिंग की जांच होगी। तीसरे दिन डेयरी एनालॉग और मिल्क स्वीट्स की प्रारंभिक पहचान जांच की जाएगी। चौथे और पांचवें दिन ग्रामीण क्षेत्रों की मिठाई और कन्फेक्शनरी दुकानों पर कार्रवाई होगी। छठे दिन होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और स्ट्रीट फूड प्रतिष्ठानों की जांच की जाएगी। अभियान के अंतिम दिन पहले से चिन्हित खाद्य प्रतिष्ठानों की दोबारा जांच की जाएगी। खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभियान के बाद भी शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित जांच जारी रहेगी।
Source: Source