छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पिछले दो महीनों के भीतर एचआईवी के 18 नए मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। चौंकाने वाली बात यह है कि इन संक्रमितों में दो नाबालिग बच्चे भी शामिल हैं, जो नशे के इंजेक्शन के साझा उपयोग के कारण वायरस की चपेट में आए हैं। जिले में नशीले इंजेक्शनों का सेवन कर रहे युवाओं और नाबालिगों की संख्या चिंता का विषय बनी हुई है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी 18 मरीजों की पहचान के बाद उन्हें तत्काल एआरटी (एंटी रेट्रो वायरल थेरेपी) सेंटर से जोड़ दिया है, जहां उनका इलाज और नियमित निगरानी की जा रही है। संक्रमण की श्रृंखला को तोड़ने के लिए विभाग ने कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग की प्रक्रिया भी तेज कर दी है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, मार्च 2021 से अब तक जिले में कुल 746 एचआईवी संक्रमितों की पुष्टि हो चुकी है। स्वास्थ्य अधिकारी अनिल जगत ने बताया कि यह संक्रमण असुरक्षित यौन संबंधों, संक्रमित रक्त या एक ही नीडल का बार-बार इस्तेमाल करने से फैल रहा है। प्रशासन अब इस गंभीर समस्या के प्रति लोगों को जागरूक करने और नशे के सौदागरों पर नकेल कसने की दिशा में काम कर रहा है। मरीजों का नियमित फॉलोअप किया जा रहा है ताकि संक्रमण को और फैलने से रोका जा सके।
Source: Source