यमुनानगर में मुस्ताबाद रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर करीब 35 से 40 वर्षीय युवक का शव मिला। घटना गुरुवार रात करीब तीन बजे की बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में युवक के चलती ट्रेन से गिरने की आशंका जताई गई है। सूचना मिलने पर जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। मृतक के पास पहचान से जुड़े कोई दस्तावेज नहीं मिले हैं। उसकी जेब से राजपुरा से बरेली की रेलवे टिकट बरामद हुई है। पुलिस इसी टिकट के आधार पर उसके सफर और पहचान की जानकारी जुटा रही है। मृतक की बाजू पर अंग्रेजी में ‘रणदीप’ लिखा हुआ टैटू मिला है। टैटू में बने दिल के अंदर ‘I Love You’ और उसके नीचे ‘पूजा’ लिखा है। जीआरपी को उम्मीद है कि यह टैटू मृतक की पहचान में अहम सुराग साबित हो सकता है। शव को यमुनानगर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में 72 घंटे के लिए रखा गया है। पुलिस आसपास के रेलवे स्टेशनों और संबंधित इलाकों में भी पहचान के प्रयास कर रही है। जीआरपी यह पता लगाने में जुटी है कि युवक किस ट्रेन से यात्रा कर रहा था और राजपुरा से बरेली के लिए किस ट्रेन में सवार हुआ था।
Source: Source