यमुनानगर के प्रताप नगर क्षेत्र के अराईयांवाला गांव में एक वर्षीय बच्चे की पानी में डूबने से मौत हो गई। बच्चा नर्सरी परिसर में खेलते समय करीब तीन फीट गहरे पानी से भरे गड्ढे में गिर गया। काफी देर तक बच्चे के दिखाई नहीं देने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान बच्चा पानी के गड्ढे में डूबा हुआ मिला। बच्चे के पिता उसे कपड़े में लपेटकर गोद में लेकर अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान एक वर्षीय सिद्धांत के रूप में हुई है। उसका परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले का रहने वाला है। परिवार अराईयांवाला गांव की एक नर्सरी में रहकर काम करता था। घटना के समय बच्चे की मां कपड़े धो रही थी और पिता नर्सरी में काम कर रहे थे। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मासूम की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
Source: Source