मोहाली में पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक के बीएसएनएल एक्सचेंज के टावर पर चढ़ जाने से प्रशासनिक अमले में खलबली मच गई। फतेहगढ़ साहिब निवासी सोनी सिंह (36), जो पेशे से एसी रिपेयरिंग का काम करता है, ने अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष के व्यवहार से तंग आकर आत्महत्या की धमकी दी है। युवक का आरोप है कि उसने अपनी पत्नी को किसी अन्य व्यक्ति से चैटिंग करते हुए पकड़ा था, जिसके बाद विवाद शुरू हुआ। उसने यह भी दावा किया कि उसकी पत्नी अपने छोटे बेटे और घर से डेढ़ लाख रुपये लेकर चली गई है। ससुराल वालों पर पत्नी को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए युवक ने प्रशासन से अपने बेटे को वापस दिलाने और न्याय की गुहार लगाई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए रातभर प्रयास करती रहीं। मंगलवार सुबह तक युवक टावर पर ही डटा हुआ था और पुलिस उसे लगातार मनाने की कोशिश कर रही है।
Source: Source