मोहाली पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। सीआईए स्टाफ की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 10 चोरी के वाहन बरामद किए हैं। बरामद वाहनों में दो अल्टो कारें और आठ मोटरसाइकिल शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इन वाहनों की चोरी के मामले चंडीगढ़, मोहाली और रोपड़ जिलों में दर्ज थे। यह कार्रवाई एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस के निर्देश पर की गई। पुलिस ने पहले आरोपी अजीत सिंह को गिरफ्तार किया, जिसके खिलाफ पहले से कई चोरी के मामले दर्ज हैं। इसके बाद उसके साथी जसप्रीत सिंह उर्फ करण को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, जसप्रीत चोरी के वाहनों को लोगों को गुमराह कर बेचने का काम करता था। दोनों आरोपियों से पूछताछ में चोरी के अन्य मामलों के खुलासे की उम्मीद है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।
Source: Source