हरियाणा के फतेहाबाद में सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक प्रदीप की मौत हो गई। हादसा सोमवार रात करीब आठ बजे बीघड़ हेड के पास हुआ। प्रदीप की बाइक अचानक बेकाबू होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसे गंभीर चोटें आईं। प्रदीप को तत्काल नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वह शेखुपुर दड़ोली गांव का निवासी था और पिछले करीब तीन वर्षों से भाजपा के पूर्व विधायक दुड़ाराम की गाड़ी चलाता था। हादसे के समय वह फतेहाबाद से अपने पैतृक गांव लौट रहा था। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। प्रदीप अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। वह अपने पीछे पत्नी और दो छोटी बेटियों को छोड़ गया है। परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य की अचानक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। दशहरे के दिन हुए इस हादसे से गांव और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है।
Source: Source