छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई नगर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में 56 वर्षीय सब्जी विक्रेता बसंत पगारे की मौत हो गई। घटना 18 अक्टूबर की रात करीब नौ बजे 32 बंगला चौक के पास हुई। बसंत अपने साथियों विनोद सागर और राजेंद्र ध्रुव के साथ सीटी 100 बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार पल्सर बाइक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पल्सर सवार पहले एक स्कूटी को बचाने की कोशिश कर रहा था, तभी उसकी बाइक दूसरी बाइक से भिड़ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं और बसंत के सिर में गंभीर चोटें आईं। हादसे में उनके दोनों साथी और पल्सर सवार भी घायल हो गए। बसंत के बेटे भोला पगारे और उसके दोस्तों ने घायलों को सेक्टर-9 अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान बसंत की मौत हो गई। घायल साथियों में से एक को आईसीयू में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य घायलों का भी उपचार जारी है। एक प्रत्यक्षदर्शी ने आरोप लगाया कि घटनास्थल पर कई लोग मदद करने के बजाय वीडियो बनाते रहे। बसंत सब्जी बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते थे और उनके परिवार में एक बेटा तथा एक बेटी है। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। भिलाई नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइक थाने में रखवाई गई हैं। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और पल्सर सवार की भूमिका की जांच कर रही है।
Source: Source