मोगा-कोटकपूरा रोड पर शनिवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में 36 वर्षीय बाइक सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान बेअंत नगर निवासी सीरा के रूप में हुई है। सीरा पेशे से पेंटर था और अविवाहित था। हादसे के समय बाइक पर सीरा समेत दो लोग सवार थे। तेज रफ्तार कैंटर ने पीछे से बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सीरा की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर सवार दूसरा व्यक्ति हादसे में बाल-बाल बच गया। घटना की CCTV फुटेज सामने आई है, जिसमें हादसा कैद हुआ है। हादसे के बाद कैंटर चालक मौके से फरार हो गया। सीरा अपने बुजुर्ग मां का इकलौता आर्थिक और मानसिक सहारा था। परिजनों के मुताबिक, हादसे से पहले एक अज्ञात व्यक्ति उसे घर से बुलाकर अपने साथ ले गया था। रात करीब 10 बजे परिवार को दुर्घटना में उसकी मौत की सूचना मिली। सूचना मिलते ही थाना सिटी साउथ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। फिलहाल परिवार ने कानूनी कार्रवाई कराने से इनकार किया है, जबकि पुलिस ने कहा है कि परिजनों के फैसले के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source: Source