हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के कनीना में बुधवार को स्वर्ण समाज एकता मंच ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के प्रावधानों के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने संबंधित प्रावधानों को वापस लेने की मांग करते हुए नारेबाजी की। इसके बाद सदस्यों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम नायब तहसीलदार पौरुष पहल को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन की अध्यक्षता भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष अतर सिंह कैमला ने की। कार्यक्रम की शुरुआत सुभाष चंद्र बोस क्लब में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने UGC के प्रावधानों को कथित काला कानून बताते हुए उन्हें वापस लेने की मांग की। पत्रकारों से बातचीत में अतर सिंह कैमला ने कहा कि सरकार को UGC से जुड़े इन प्रावधानों पर पुनर्विचार करना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि इन प्रावधानों को लेकर स्वर्ण समाज में नाराजगी है। कैमला ने स्पष्ट किया कि वह भाजपा के कार्यकर्ता हैं, लेकिन इस मुद्दे पर सरकार के फैसले का विरोध कर रहे हैं। उनके अनुसार, बूथ स्तर के भाजपा कार्यकर्ताओं में भी इस विषय को लेकर असंतोष है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि संबंधित प्रावधान वापस नहीं लिए गए तो आगामी चुनावों में भाजपा को राजनीतिक नुकसान हो सकता है। प्रदर्शन में विष्णु तंवर पाली, सुरेश शर्मा, मुनि लाल शर्मा, करण शर्मा और पृथ्वी सिंह सहित कई लोग शामिल हुए। मंच के सदस्यों ने ज्ञापन के जरिए अपनी मांग राष्ट्रपति तक पहुंचाने की अपील की।
Source: Source