महासमुंद जिले के बागबाहरा विकासखंड में कृषि विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से लाई गई खाद का जखीरा पकड़ा है। ग्राम घोयना बाहरा स्थित ‘वैष्णवी एग्रो इंडस्ट्रीज’ पर की गई औचक छापेमारी में टीम ने ओडिशा के बरगढ़ जिले से लाई गई पीआरओएम (PROM) उर्वरक की 11 बोरियां जब्त की हैं, जिनका कुल वजन लगभग 550 किलोग्राम है। इन बोरियों पर ओडिशा का पता अंकित होने के कारण इसे नियमानुसार अवैध माना गया है। कृषि उपसंचालक एफआर कश्यप ने सख्त चेतावनी दी है कि किसानों के हितों के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी विक्रेता को बख्शा नहीं जाएगा। विभाग का स्पष्ट निर्देश है कि जिले में खाद की बिक्री में किसी भी प्रकार की अनियमितता या अंतर्राज्यीय अवैध तस्करी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कृषि विभाग की इस त्वरित कार्रवाई से कालाबाजारी करने वाले व्यापारियों में हड़कंप मच गया है, और विभाग ने भविष्य में भी केंद्रों की सतत निगरानी जारी रखने का संकल्प लिया है।
Source: Source