अंतरराष्ट्रीय नशा एवं अवैध तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर कलाधारा थिएटर एंड आर्ट ग्रुप ने अंबाला में एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया। इस मुहिम का मुख्य उद्देश्य युवाओं और बच्चों को नशे के विनाशकारी प्रभावों के प्रति सचेत करना और उन्हें खेल-कूद की ओर प्रोत्साहित करना था। मुलाना के स्लम क्षेत्र से लेकर अंबाला कैंट के सुभाष पार्क तक, कलाकारों ने नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से समाज को नशे की दलदल से बाहर आने का संदेश दिया। इन नाटकों में दिखाया गया कि कैसे नशा व्यक्ति, परिवार और समाज को खोखला कर रहा है। जागरूकता सत्र के दौरान बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं जैसे सैक रेस, लेमन एंड स्पून रेस और भाषण आयोजित की गईं, ताकि उन्हें सकारात्मक गतिविधियों में व्यस्त रखा जा सके। अभिभावकों को नशे से बचाव के उपाय और सामाजिक जिम्मेदारी के महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी लोगों ने सामूहिक रूप से नशा मुक्ति की शपथ ली। ग्रुप के स्वयंसेवकों ने इस अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह पहल युवाओं के लिए एक स्वस्थ और लक्ष्य-उन्मुख भविष्य की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।
Source: Source