छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर स्थित मां महामाया मंदिर के बाहर बिक रहे प्रसाद के लड्डुओं की जांच में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लिए गए मोतीचूर लड्डू के सैंपल सरकारी लैब जांच में फेल हो गए हैं। रिपोर्ट में लड्डू को मानव उपभोग के लिए असुरक्षित बताया गया है। जांच में मिठास बढ़ाने के लिए शक्कर की जगह कृत्रिम स्वीटनर एस्पार्टेम का इस्तेमाल पाया गया। एस्पार्टेम की मात्रा निर्धारित सुरक्षित सीमा से अधिक मिली है। लड्डू को आकर्षक रंग देने के लिए इस्तेमाल किए गए सिंथेटिक फूड कलर सनसेट येलो की मात्रा भी मानक से ज्यादा पाई गई। खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, अधिक मात्रा में इन रसायनों का उपयोग स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है। विभाग ने आनंद पूजा भंडार के खिलाफ खाद्य सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। रिपोर्ट आने के बाद मंदिर परिसर के सामने स्थित अन्य दुकानों से भी प्रसाद के नमूने लिए गए हैं। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रशासन ने प्रसाद की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए आगे भी जांच जारी रखने की बात कही है।
Source: Source