हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के बल्ह थाना क्षेत्र के मंदिर टांडा से 32 वर्षीय तारा देवी 26 मई की रात से लापता हैं। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। इसके बाद परिवार ने बल्ह पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कराई। परिजनों को आशंका है कि तारा देवी ने बीबीएमबी की बीएसएल नहर में छलांग लगा दी है। महिला अपने पीछे सात वर्षीय बेटा और 10 वर्षीय बेटी छोड़ गई है। परिवार के सदस्य महिला के अचानक लापता होने से गहरे सदमे में हैं। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए गुरुवार को सुंदरनगर स्थित बीएसएल जलाशय में NDRF की टीम से सर्च ऑपरेशन करवाया। एनडीआरएफ की टीम ने जलाशय और आसपास के क्षेत्रों में काफी देर तक तलाश की। समाचार लिखे जाने तक महिला का कोई सुराग नहीं मिल पाया। एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। एसपी ने कहा कि एनडीआरएफ की मदद से सर्च ऑपरेशन जारी है। अब तक कोई सफलता नहीं मिली है, लेकिन अभियान जारी रहेगा। परिजन शव की तलाश में बेचैन हैं। इस घटना ने पूरे इलाके में शोक और दहशत फैला दी है। प्रशासन ने लोगों से सूचना देने की अपील की है।
Source: Source