छत्तीसगढ़ के भिलाई स्टील प्लांट (BSP) में शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा हुआ। ब्लास्ट फर्नेस के रॉ-मैटेरियल एरिया में ओवर ब्रिज क्रेन का केबिन अचानक टूटकर नीचे गिर गया। हादसे के समय क्रेन ऑपरेटर रविंद्र कुमार चौधरी केबिन में मौजूद थे। करीब 45 से 50 फीट ऊंचाई से गिरने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गए। नीचे गिरते समय केबिन एक स्टील बीम से टकराया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घायल ऑपरेटर को तुरंत प्राथमिक उपचार के बाद सेक्टर-9 अस्पताल भेजा गया। फिलहाल उनका इलाज आईसीयू में डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है। हादसे के बाद संबंधित क्रेन का संचालन बंद कर दिया गया है। इससे ब्लास्ट फर्नेस में रॉ-मैटेरियल सप्लाई का काम प्रभावित हुआ है। बीएसपी प्रबंधन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद हादसे के कारणों और आगे की कार्रवाई का पता लगाया जाएगा।
Source: Source