अमृतसर सुल्तानविंड रोड स्थित कोट आत्माराम इलाके में वीरवार दोपहर करीब 1:30 बजे गाड़ी पार्क करने को लेकर शुरू हुआ विवाद गोलीबारी तक पहुंच गया। इस घटना में आप के वार्ड-42 के इंचार्ज जयपाल सिंह बाऊ गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, पास में ही स्पेयर पार्ट्स की दुकान चलाने वाले दुकानदार नरिंदर सिंह के पैर में भी गोली लग गई। सूचना मिलते ही थाना बी-डिवीजन की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गोली चलाने का आरोप लगा रहे हैं। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक, आप के वार्ड इंचार्ज जयपाल सिंह का बेटा घर के नजदीक पार्क के पास गाड़ी खड़ी कर रहा था। इसी दौरान वहां रहने वाले पंजाब पुलिस के पूर्व इंस्पेक्टर तजिंदर सिंह भी अपनी कार लेकर वहां पहुंच गए। तजिंदर सिंह ने जयपाल के बेटे को गाड़ी थोड़ी साइड में लगाने के लिए कहा ताकि वह अपनी गाड़ी पार्क कर सकें। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों के बीच हाथापाई की नौबत आ गई। सूचना मिलने पर आप नेता भी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद हालात और तनावपूर्ण हो गए। वार्ड-41 के आप इंचार्ज शेरे पंजाब सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर वह भी मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि घटना के दौरान दोनों पक्षों की ओर से फायरिंग होने की चर्चा है, लेकिन इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस करीब 10 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गई थी। फिलहाल मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके। एसएचओ बी-डिवीजन बलजिंदर सिंह ने कहा कि गोली चलने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची थी। घटना में जयपाल सिंह बाऊ घायल हुए हैं, जिन्हें अमनदीप अस्पताल भेजा गया है। वहीं नरिंदर सिंह को भी चोट लगी है और उन्हें सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है तथा सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। संबंधित व्यक्तियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।तथ्यों और सबूतों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक गोलियां चल गईं। एक गोली जयपाल सिंह बाऊ को लगी , जबकि दूसरी गोली वहां पास में दुकान चलाने वाले किराएदार नरिंदर सिंह के पैर में जा लगी। घटना को लेकर दोनों पक्षों के बयान अलग-अलग सामने आ रहे हैं। एक पक्ष का आरोप है कि गोली तजिंदर सिंह की ओर से चलाई गई, जबकि दूसरी ओर से भी फायरिंग होने की बात कही जा रही है। पुलिस घटनाक्रम की जांच कर रही है और मौके पर मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। अमनदीप अस्पताल पहुंचे जयपाल सिंह बाऊ के बड़े भाई इकबाल सिंह ने बताया कि उन्हें अभी पूरे घटनाक्रम की जानकारी नहीं है। उन्हें केवल इतना पता चला है कि गाड़ी पार्क करने को लेकर विवाद हुआ था।
Source: Source