बिलासपुर के रतनपुर थाना क्षेत्र में रिटायर्ड शिक्षक से लूटपाट का मामला सामने आया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से इलाज कराकर लौट रहे शिक्षक को आधी रात रास्ते में रोका गया। ऑटो सवार बदमाशों ने उनकी कार के आगे ऑटो अड़ाकर रास्ता बंद कर दिया। आरोपियों ने डंडा दिखाकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उनकी जेब से 1200 रुपये जबरन छीन लिए गए। वारदात के बाद आरोपी ऑटो लेकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस को ऑटो का नंबर बताया, जिससे जांच में महत्वपूर्ण सुराग मिला। पुलिस ने ऑटो नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। मामले में दो आरोपियों और तीन नाबालिगों समेत कुल पांच लोगों को पकड़ा गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी रात में ग्रामीण इलाकों में अकेले कार सवारों को निशाना बनाते थे। वे वाहनों के आगे ऑटो अड़ाकर रास्ता रोकते और फिर लूटपाट करते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवन कुमार गौहर और राहुल दुबे समेत तीन नाबालिगों के रूप में हुई है। सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
Source: Source