छत्तीसगढ़ के बालोद-दुर्ग मुख्य मार्ग पर एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में ग्राम भेड़िया नवागांव निवासी गोलू पिस्दा (35) गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद राहगीरों ने डायल-112 को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे आगे के इलाज के लिए राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। जानकारी के अनुसार, गोलू पिस्दा एक राइस मिल में काम करने के बाद घर लौट रहा था। इसी दौरान दल्लीराजहरा से रायपुर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में उसके दोनों पैरों की हड्डियां टूट गईं। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र में इस घटना से सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
Source: Source