छत्तीसगढ़ में पिछले 48 घंटों से हो रही भारी बारिश के कारण कई नदी-नाले उफान पर हैं। इसी दौरान कसडोल थाना क्षेत्र के तुरतुरिया (लव-कुश की जन्मस्थली) में बड़ा हादसा टल गया। बालमदेही नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से लगभग 250 श्रद्धालु और पर्यटक बाढ़ के बीच फंस गए। लोग दर्शन करने और घूमने के लिए पहुंचे थे, तभी तेज पानी बढ़ने से स्थिति गंभीर हो गई। सूचना मिलते ही कसडोल पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित राहत और बचाव अभियान शुरू किया। सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस दौरान किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से बारिश के दौरान नदी-नालों के किनारे न जाने की अपील की है। लगातार बारिश से क्षेत्र में जनजीवन प्रभावित हो रहा है और सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
Source: Source