बठिंडा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर जयपुर से आने वाली ट्रेन में एक व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर सहारा जन सेवा की टीम और जीआरपी मौके पर पहुंची। टीम ने पुलिस के साथ मिलकर शव को ट्रेन से बाहर निकाला और अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया। मृतक के पास से एक आधार कार्ड भी मिला, हालांकि शुरुआत में पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी थी। बाद में मृतक की पहचान भूपिंदर सिंह (43) के रूप में हुई, जो हुस्नर के रहने वाले थे। बताया गया कि वे दवाई लेने डबवाली गए थे। इसी दौरान उन्हें दिल का दौरा पड़ा होने की आशंका जताई गई है। परिवार के सदस्यों ने भी हार्ट अटैक की संभावना जताई है। पुलिस ने मामले में धारा 194 बीएनएनएस के तहत कार्रवाई की है। फिलहाल पुलिस आगे की जांच कर रही है और सभी तथ्यों की पुष्टि की जा रही है।
Source: Source