दुर्ग जिले के बोरी थाना क्षेत्र में ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। ग्राम हिर्री के किसान हेमंत कुमार साहू से आरोपियों ने PNB MetLife इंश्योरेंस की बंद पॉलिसी दोबारा चालू कराने का झांसा देकर 3 लाख 90 हजार रुपए ठग लिए। किसान ने साल 2022 में पॉलिसी कराया था, लेकिन एक प्रीमियम जमा करने के बाद आगे की किश्त नहीं भर पाए थे। 4 साल बाद उनके पास एक कॉल आया जिसमें उन्हें दो किस्त जमा कराने के बाद 3 लाख 2 हजार रुपए वापस मिलेंगे, ऐसा कहा गया। आरोपियों ने किसान से आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक खाते की जानकारी और फोटो व्हाट्सएप पर भेजने को कहा। किसान ने अलग-अलग लोगों को पैसे जमा कराए, लेकिन जब रकम जमा कराने के बाद भी कोई पैसा वापस नहीं मिला, तो उन्हें ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने चौकी लिटिया सेमरिया पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
Source: Source