हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (HSPCB) ने राज्य में प्रदूषण फैलाने वाली औद्योगिक इकाइयों पर सख्ती बढ़ाने का निर्णय लिया है। अब सभी फैक्ट्रियों के प्रदूषण स्तर की लाइव ऑनलाइन निगरानी सीधे पंचकुला स्थित मुख्यालय से की जाएगी। यह सिस्टम 1 जून से पूरे हरियाणा में लागू किया जाएगा। किसी भी नियम उल्लंघन पर तुरंत नोटिस, सीलिंग और जुर्माने की कार्रवाई होगी। यह घोषणा बोर्ड के सदस्य सचिव IAS योगेश कुमार ने पानीपत में आयोजित एक कार्यशाला के दौरान की। इस कार्यक्रम में पानीपत, करनाल और सोनीपत के कई उद्यमी शामिल हुए। उद्यमियों ने NOC और नियमों से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। सदस्य सचिव ने उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि बोर्ड उद्योगों को परेशान नहीं करना चाहता, बल्कि नियमों के भीतर समाधान चाहता है। कार्यशाला में कचरा प्रबंधन और रासायनिक अपशिष्ट के सुरक्षित निपटान पर भी PPT के माध्यम से जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने औद्योगिक कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन के तरीके समझाए। हरियाणा एनवायरमेंट मैनेजमेंट सोसाइटी ने बताया कि ऐसी कार्यशालाएं आगे भी जारी रहेंगी। अगली कार्यशाला बहादुरगढ़ में आयोजित की जाएगी।
Source: Source