जींद के खापड़ निवासी एक व्यक्ति के साथ फेसबुक पर फर्जी आईडी के जरिए साइबर ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने अमेरिका में रहने वाले उसके परिचित के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाई। 15 मई को पीड़ित मंजीत को ‘विजय सिंह’ नाम की आईडी से संदेश मिला। संदेश भेजने वाले ने खुद को उसका रिश्तेदार बताते हुए बातचीत शुरू की। उसने बैंक खाते की जानकारी और मोबाइल नंबर भी मांग लिया। पीड़ित ने भरोसा करके अपनी बैंक पासबुक की फोटो भेज दी। इसके बाद उसे एक कथित बैंक स्लिप भेजी गई जिसमें 6.15 लाख रुपये आने का दावा किया गया। बाद में एक व्यक्ति ने खुद को बैंक कर्मचारी बताकर पैसे ट्रांसफर होने की बात कही। फिर आरोपी ने बताया कि रिश्तेदार को एयरपोर्ट पर रोक लिया गया है। मदद के नाम पर अलग-अलग खातों में पैसे भेजने के लिए दबाव बनाया गया। पीड़ित ने कुल 10 ट्रांजेक्शन में 2.40 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में ठगी का एहसास होने पर उसने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Source: Source