फिरोजपुर में आम आदमी पार्टी (आप) की नेता और मंडी बोर्ड सदस्य मंजीत कौर के आवास पर देर रात कार सवार अज्ञात बदमाशों ने पथराव कर दिया, जिससे घर के शीशे टूट गए और संपत्ति को नुकसान पहुँचा। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है और यह फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। पीड़िता ने बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है, फिर भी यह हमला किया गया। परिवार ने पुलिस प्रशासन से न्याय और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की माँग की है। डीएसपी सुखविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। उन्हें जल्द ही गिरफ्तार करने का दावा किया गया है। फिलहाल, पुलिस क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और इस मामले की जांच जारी है।
Source: Source